नई दिल्ली। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद अमेरिकी वायुसेना और नौसेना ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर भीषण बमबारी की है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर हमले की जानकारी दी है। उन्होंने कहा हमने ईरान में स्थित तीन परमाणु ठिकानों- फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर सीधा और सफल हमला किया है।
अपने ही घर में घिरे ट्रंप
इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ईरान पर हमला कर अपने ही घर में घिर गए हैं। अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने राष्ट्रपति ट्रंप के द्वारा ईरान की न्यूक्लियर साइट पर की गई सैन्य कार्रवाई पर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने ईरान पर कांग्रेस की अनुमति लिए बिना किया है, जो अमेरिका के संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है।
नैंसी पेलोसी ने कांग्रेस के अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रंप प्रशासन से इस कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा है। उन्होंने राष्ट्रपति से पूछा है कि इतने गंभीर फैसले के पीछे क्या कारण और रणनीति थी।
हमलों पर ट्रंप ने क्या कहा
ईरान पर हुए हमले के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा है, सभी विमान सुरक्षित लौट आए हैं। हमारे बहादुर अमेरिकी सैनिकों को मेरा सलाम है। दुनिया की कोई सेना ऐसी कार्रवाई नहीं कर सकती थी। अब शांति का समय है।
वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरान को अब इस जंग को खत्म करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए। रविवार की सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन में ट्रम्प बोले, ईरान को अब शांति का रास्ता अपनाना चाहिए। लेकिन अगर वो ऐसा नहीं करता है तो फिर आगे और बड़े हमले किए जाएंगे।